‘पाकीजा’ की अभिनेत्री गीता कपूर को अस्पताल में छोड़कर बेटा हुआ फरार

गीता कपूर

इंद्रकुमार विश्वकर्मा | NavprabhatTimes.com 

फिल्‍म इंडस्‍ट्री हमेशा से लोगों के आकर्षण का केंद्र रही है। आज के अधिकांश युवा फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ने के ख्वाब देखते रहते हैं। लेकिन बाहर से चकाचौंध कर देनेवाली इस इंडस्ट्री का एक ऐसा मामला सामने आया है, जो आपको बहुत कुछ सोचने पर मजबूर कर देगा। फिल्‍म ‘पाकीजा‘ में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुकी जानी-मानी अभिनेत्री गीता कपूर को उनका बेटा अस्‍पताल में भर्ती करवा कर फरार हो गया। 58 वर्षीया गीता कपूर का बेटा राजा कपूर उनको अस्‍पताल में अकेला छोड़कर भाग गया।

दरअसल बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री गीता कपूर की तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें 21 मई को मुंबई के गोरेगांव के एक हॉस्पिटल में भर्ती किया गया।  हॉस्पिटल में अभिनेत्री को भर्ती करने उनके बेटे राजा साथ आए थे, लेकिन उसके बाद जो हुआ वह वाकया बेहद चौंकाने वाला है।

गीता कपूर को अस्पताल में भर्ती कर उनके बेटे राजा ने बहाना बनाया कि वह एटीएम से पैसे निकालने बाहर जा रहा है और वह वहां से फरार हो गया। अभिनेत्री गीता कपूर की तस्वीर जो बयां कर रही हैं, उसे शब्दों में पिरोना बेहद ही मुश्किल है, लेकिन इतना तो कहा ही जा सकता है कि उनके चेहरे पर एक असहाय होने का दर्द जरूर झलक रहा है।

फिल्‍मों में बतौर अभिनेत्री काम कर चुकीं गीता कपूर पेशे से कोरियोग्राफर हैं। एक समय था जब वे भारतीय सिनेमा का जाना-माना चेहरा थीं।बीते जमाने की अदाकारा गीता कपूर ने 100 से भी ज्यादा फिल्मों में काम किया है।  गीता की चर्चित फिल्म ‘पाकीजा‘ और ‘रजिया सुल्तान‘ रही हैं। अस्‍पताल प्रशासन ने उनके बेटे से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन वे नाकाम रहे।

गीता कपूर इस घटना के बाद जो कुछ बताया, वह बेहद दर्दनाक है। उन्होंने यह स्वीकार किया कि उनका बेटा उन्हें पीटता था। नाजुक हालत होने के बावजूद भी डॉक्टर्स ने गीता कपूर का इलाज करना बंद नहीं किया। अंग्रेजी वेबसाइट मिड के मुताबिक अभिनेत्री ने अपने बेटे के सम्बन्ध में बताते हुए कहा,

उसके दूसरी औरतों से रिश्ते थे..जब मैंने इसको स्वीकार नहीं किया तो वह मुझे पीटा करता था। वह मुझे चार दिन में एक बार खाना देता था और कभी-कभी तो मुझे कई दिनों के लिए बंद कर देता था। मैं वृद्धाश्रम जाने के लिए तैयार नहीं थी इसलिए उसने यह सारा प्लान किया। वह मुझे भूखा रखता था इसलिए मैं बीमार पड़ गई, तब वह मुझे एडमिट कर फरार हो गया।

रिपोर्ट्स की मानें तो गीता कपूर के इलाज में 1.5 लाख रुपये खर्च हुए। इसे लेकर हॉस्पिटल ने उनके बेटे और बहन पूजा को संपर्क करने की कोशिश की लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। हॉस्पिटल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है और पुलिस अब गीता कपूर के परिवार वालों को ढूंढ़ रही है।

ये आए मदद के लिए आगे

फिल्ममेकर अशोक पंडित और प्रोड्यूसर रमेश तोरानी को जब पता चला कि मुंबई के अस्पताल में एक बेटा अपनी मां को अकेला छोड़कर चला गया है, तब दोनों आगे आए और उन्होंने अस्पताल का 1.5 लाख रुपये का बिल चुकाया।  हालांकि दोनों को बाद में पता चला कि ये औरत और कोई नहीं बल्कि बीते जमाने की एक्ट्रेस गीता कपूर ही हैं। अशोक पंडित ने कहा कि उनमें मुझे अपनी मां नजर आई थीं, इसलिए मैंने उनकी मदद की।

 

इस पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दें