‘विवेकानंद यूथ कनेक्ट रन’ में पहली बार मुम्बई दौड़ी विवेकानंद के लिए 

विवेकानंद यूथ कनेक्ट

इंद्रकुमार विश्वकर्मा Navprabhattimes.Com

स्वामी विवेकानंद जयंती के निमित्त ‘राष्ट्रीय युवा दिन-१२ जनवरी ‘ के अवसर पर रविवार, ८ जनवरी को विवेकानंद के विचार नवयुवकों तक पहुँचाने के उद्देश्य से ‘विवेकानंद यूथ कनेक्ट’ संस्था की ओर से विवेकानंद यूथ कनेक्ट रन का आयोजन मुम्बई के जुहू चौपाटी में किया गया। संस्था के संस्थापक डॉ.राजेश सर्वज्ञ ने संस्था के उद्देश्य की जानकारी दी।  इस अवसर पर हजारों की संख्या में विद्यार्थियों, युवक-युवतियों, महिलाओं व पुरुषों ने दौड़ में भाग लिया। विभिन्न समाजसेवी संस्थओं ने भी इस कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग किया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थीं।

मुम्बई के समुद्री किनारे से स्वामी विवेकानंद का विशेष संबंध था। ‘विवेकानंद यूथ कनेक्ट रन’ जुहू चौपाटी के किनारे से ठीक सुबह ७ बजे शुरू हुआ। इसमें १२ किमी, ५ किमी और २ किमी दौड़ का समावेश किया गया था, जिसमें हजारों युवकों और युवतियों के साथ ही वरिष्ठ महिलाओं और पुरूषों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुम्बई विद्यापीठ व एसएनडीटी के करीब ८ हज़ार विद्यार्थियों ने इसमें हिस्सा लिया।

विवेकानंद यूथ कनेक्ट संस्था के संस्थापक डॉ.राजेश सर्वज्ञ ने संस्था के उद्देश्य की जानकारी देते हुए बताया कि स्वामी विवेकानंद ने अपना सम्पूर्ण जीवन एक सच्चे साधक, योगी के रूप में व्यतीत किया। सम्पूर्ण संसार में शांति व समभाव लाना ही उनके जीवन का मुख्य उद्देश्य था। उन्हें युवाओं की शक्ति पर पूरा विश्वास था। इसी विश्वास के बल पर उन्होंने सम्पूर्ण विश्व को बदलने की बात की थी। उनके आचार-विचार और उनके जीवन से युवाओं को सीख लेनी चाहिए। इस मैराथन का उद्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानंद के इन्हीं गुणों से अवगत करना है और उन्हें एक नई दिशा प्रदान करनी है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों से सोशल मीडिया व विभिन्न व्याख्यानों द्वारा अपने सहयोगियों की मदद से उनकी संस्था यह प्रयास कर रही है। यह मैराथन दौड़ इसी शृंखला में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी व समाजसेवी अमृता फडणवीस इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने नवयुवकों से स्वामी विवेकानंद के जीवनपथ पर चलने का आग्रह किया व प्रतियोगियों की सराहना करते हुए उनका उत्साह वर्धन किया।

विवेकानंद यूथ कनेक्ट

पेपर कटिंग आर्ट कलाकार ऋषिकेश पोतदार ने स्वामी विवेकानंद व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का चित्र बनाकर सबको अचंभित कर दिया। अमृता फडणवीस ने ऋषिकेश की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया। इस अवसर पर तीन युवतियों द्वारा शानदार ज़ुम्बा डांस भी प्रस्तुत किया गया, जिस पर सभी लोग झूम उठे।

भरत कृ.विश्वकर्मा ने इस कार्यक्रम में मुख्य समन्वयक की भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम के आयोजन से लेकर अतिथियों के स्वागत व विजेताओं को पुरस्कार वितरण समारोह तक पूरा कार्यभार संभाला और मंच पर कार्यक्रम के सञ्चालन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दौड़ के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर १२ कोच भी अपने उल्लेखनीय कार्य के लिए संस्था द्वारा सम्मानित किए गए।

मुम्बई रेड ब्रिगेड ने भी निभाई महत्वपूर्ण भूमिका 
इस अवसर पर मुम्बई रेड ब्रिगेड, ग्लोबल राइजिंग फाउंडेशन, राउंड टेबल इंडिया, नवजीवन श्री विश्वकर्मा समिति जैसी अनेक सामाजिक संस्थाओं ने मैराथन के आयोजन में सहयोग किया व नवयुवकों को अपनी संस्था के उद्देश्यों से अवगत कराया। मुम्बई रेड ब्रिगेड के करीब ८० सदस्यों ने दौड़ के दौरान वालंटियर के रूप में जिम्मेदारी सँभालते हुए मैराथन के ट्रैक पर दिशानिर्देश, पानी की व्यवस्था व अन्य कार्यभार जिम्मेदारी से संभाले। रेड ब्रिगेड के सदस्य डॉ. केके विश्वकर्मा, डॉ मनोज विश्वकर्मा व बृजेश विश्वकर्मा एम्बुलेंस सेवा में सम्मिलित रहे। मुम्बई रेड ब्रिगेड के संस्थापक अनिल विश्वकर्मा, अध्यक्ष रवि विश्वकर्मा, ज्ञानी विश्वकर्मा, कैलाश विश्वकर्मा, केपी विश्वकर्मा, अशोक विश्वकर्मा व अन्य सदस्यों ने मैराथन के सुचारु क्रियान्वयन में पूर्ण सहयोग किया।

श्री सत्य साईं माध्यमिक विद्यालय द्वारा मैराथन में आये लोगों को सन्देश 

श्री सत्य साईं माध्यमिक विद्यालय, अंधेरी  के विद्यार्थियों व शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मैराथन के दौरान प्रभात-फेरी निकाली, जिसमें उन्होंने स्वामी विवेकानंद के सिद्धांतों को बैनर, पोस्टर आदि के माध्यम से दौड़ में प्रतिभागी युवाओं और अन्य लोगों तक पहुँचाने का प्रयास किया। सभी विद्यार्थियों व शिक्षकों का मैराथन के प्रति यह उत्साह अत्यंत ही सराहनीय रहा।

इस पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दें