बजरंग दल ने रामनवमी पर कुर्ला में निकाली भव्य शोभायात्रा

इंद्रकुमार विश्वकर्मा | NavprabhatTimes.com

मुंबई: रविवार को विश्व हिंदू परिषद अंतर्गत बजरंग दल द्वारा वार्ड क्र. १६४ में रामनवमी के शुभ अवसर पर इसके दो दिन पूर्व राम लला की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में हज़ारों की संख्या में रामभक्तों ने भाग लिया। वार्ड क्र. १६४ के भाजपा के नगरसेवक हरीश भांदिर्गे व बजरंग दल के कुर्ला तालुकाध्यक्ष संजीव डी. झा भी इस पालकी यात्रा में शामिल हुए। इस अवसर पर साकीनाका पुलिस द्वारा सुरक्षा का पुख़्ता इंतज़ाम किया गया था। सैकड़ों की संख्या में पुलिस के जवान व अधिकारी  किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैनात थे।

कुर्ला के बैल बाजार के सर्वोदय मित्रमंडल से दोपहर १ बजे रामलला की यह शोभायात्रा शुरू हुई और कमानी, काजूपाड़ा से होते हुए सफेदपुल आकर इस यात्रा की समाप्ति हुई।  इस शोभायात्रा में सभी बजरंगियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पालकी की शोभायात्रा और विदाई के भव्य दृश्यों ने सभी भक्तों का मन मोह लिया। इस शोभायात्रा में अलग-अलग प्रकार की ढोल मंडलियों ने भी हिस्सा लिया। श्री स्वामी समर्थ व आसाराम बापू के कई भक्त भी इस रैली में शामिल हुए।

इस अवसर पर बजरंग दल के कुर्ला तालुकाध्यक्ष संजीव डी. झा (भाई जी) समेत देवीप्रसाद उपाध्याय, वार्ड क्र. १६४ के अध्यक्ष राधेश्याम यादव, संतोष मिश्र, आशिष गिरी व अन्य कार्यकर्ता सक्रिय रूप से सहभागी हुए।

भाजपा के युवा अध्यक्ष धीरज जतन भी पूरी शोभायात्रा के दौरान अपनी युवा शक्ति के साथ नज़र आए। उनकी सक्रिय भूमिका के कारण सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने इस रैली को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग किया।

वार्ड क्र. १६४ के भाजपा  युवा अध्यक्ष धीरज जतन रामलला की पालकी के साथ 

इस पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दें