मुंबई : महाराष्ट्र राज्य शिक्षक सेना द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर धारावी विधानसभा क्षेत्र की 250 महिला शिक्षकों का भव्य सम्मान समारोह श्री गणेश विद्या मंदिर विद्यालय में उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिला शिक्षिकाओं के योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
इस अवसर पर शिक्षक सेना के अध्यक्ष एवं विधान परिषद के विधायक ज. मो. अभ्यंकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही शिक्षक सेना के कार्याध्यक्ष जालिंदर सरोदे तथा संत कक्काया विकास संस्था के सचिव राजेश खंदारे की भी विशिष्ट उपस्थिति रही। शिक्षक आमदार श्री अभ्यंकर के हाथों महिला शिक्षिकाओं को सम्मान चिन्ह प्रदान कर उनका गौरव किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। श्री गणेश विद्या मंदिर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह की शोभा बढ़ा दी। अभ्यंकर ने महिला दिवस के अवसर पर प्रेरणादायी विचार व्यक्त करते हुए शिक्षा क्षेत्र में महिला शिक्षकों के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मायकल सर, अशोक हरिकेरी, धारावी विधानसभा के संयोजक तीपय्या बाईकडी तथा योगेंद्र प्रसाद का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर मुंबई कार्याध्यक्ष कैलास गुंजाळ, चांदिवली विधानसभा संयोजक सत्यप्रकाश राय, बांद्रा विधानसभा संयोजक मंगेश पवार, एम वार्ड अध्यक्ष संतोष नरुटे तथा शिक्षक सेना के पदाधिकारी नवनाथ इथापे भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन अशोक हेरीकेरी ने किया, जबकि राजाराम आरोटे ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। महिला शिक्षिकाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी के कारण यह सम्मान समारोह अत्यंत प्रेरणादायी और स्मरणीय बन गया।


































