मुंबई | NavPrabhatTimes.com | विशेष संवाददाता
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE), पुणे ने 28 जून 2026 को आयोजित होने वाली महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (MAHA TET 2026) को तत्काल प्रभाव से अगली सूचना तक स्थगित कर दिया है। यह निर्णय प्रश्नपत्र लीक की आशंका सामने आने के बाद लिया गया है।
परिषद द्वारा शनिवार, 27 जून को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, तड़के प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर भिवंडी पुलिस ने एक स्थान पर छापेमारी की। जांच के दौरान कुछ व्यक्तियों के पास ऐसी सामग्री मिली, जिसमें मौजूद कुछ प्रश्न MAHA TET जून 2026 की प्रश्नपत्र सामग्री से मेल खाते पाए गए। इसके बाद भिवंडी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
परीक्षा परिषद ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा तथा परीक्षा की पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कारण 28 जून को प्रस्तावित परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच पूरी होने के बाद नई परीक्षा तिथि घोषित की जाएगी।
गौरतलब है कि इस परीक्षा के लिए राज्यभर में 1,028 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे और NEET 2026 में सामने आए कथित अनियमितताओं को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी की गई थी। इसके बावजूद प्राप्त गोपनीय सूचना के बाद परीक्षा परिषद ने एहतियातन परीक्षा टालने का निर्णय लिया।
इस फैसले से लाखों अभ्यर्थियों को अंतिम समय में निराशा का सामना करना पड़ा है। कई उम्मीदवार परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए यात्रा और आवास की व्यवस्था कर चुके थे। अब सभी अभ्यर्थियों को नई परीक्षा तिथि की घोषणा का इंतजार रहेगा।
इसी बीच, महाराष्ट्र राज्यशिक्षक सेना के कार्याध्यक्ष जालिंदर देवराम सरोदे ने इस पूरे प्रकरण पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा –
“राज्य में एक बार फिर शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की प्रश्नपत्रिका लीक होने की घटना अत्यंत चौंकाने वाली और आक्रोशजनक है। भावी पीढ़ी का निर्माण करने वाले शिक्षकों का चयन ही यदि पेपर लीक और दलालों के माध्यम से होगा, तो महाराष्ट्र की शिक्षा व्यवस्था का भविष्य गंभीर खतरे में है।
ईमानदारी से अध्ययन करने वाले हजारों उम्मीदवारों के सपनों और भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली इस भ्रष्ट व्यवस्था तथा राज्य सरकार के ढीले और लापरवाह प्रशासनिक रवैये की मैं तीव्र शब्दों में सार्वजनिक निंदा करता हूं। इस प्रकरण के दोषियों पर कठोर कार्रवाई कर उन्हें तुरंत सजा मिलनी चाहिए। भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए सरकार को पारदर्शी और सुरक्षित परीक्षा व्यवस्था स्थापित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।”
सरोदे ने दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाना अब समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना
- परीक्षा की नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
- सभी आधिकारिक अपडेट महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
- अभ्यर्थियों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।
NavPrabhatTimes.com इस मामले से जुड़ी हर आधिकारिक अपडेट आप तक सबसे पहले पहुंचाता रहेगा।




































