Home देश ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेनाओं की विजय का जयघोष है : प्रो. करुणाशंकर...

ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेनाओं की विजय का जयघोष है : प्रो. करुणाशंकर उपाध्याय

ऑपरेशन सिंदूर
अयोध्या। ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेनाओं की पाकिस्तान पर विजय का जयघोष है। भारतीय सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से आधुनिक युद्ध की ऐसी पटकथा लिखी है, जो रोमांच, रणनीतिक कौशल और सैन्य पराक्रम के मामले में किसी फिल्म से भी अधिक प्रभावशाली है। भारत ने पड़ोसी पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों एवं उनके मुख्यालयों को ध्वस्त कर अपनी सैन्य क्षमता का परिचय दिया तथा चीन, तुर्किये और पाकिस्तान के आधुनिक हथियारों को निष्क्रिय कर अपनी रणनीतिक शक्ति और तकनीकी श्रेष्ठता सिद्ध की।

ऑपरेशन सिंदूर

यह विचार मुंबई विश्वविद्यालय, मुंबई के हिंदी विभागाध्यक्ष, प्रख्यात रक्षा विशेषज्ञ एवं आलोचक प्रो. करुणाशंकर उपाध्याय ने अयोध्या स्थित आर.पी. ग्लोबल स्कूल के सभागार में आयोजित व्याख्यान में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भारतीय सेनाओं ने जिस तकनीकी दक्षता के साथ चीन, पाकिस्तान एवं तुर्किये से संबंधित 1,775 ड्रोन और 841 मिसाइलों को ध्वस्त किया, वह आधुनिक युद्ध के क्षेत्र में एक अभिनव प्रतिमान है। दूसरी ओर, जब भारतीय सेनाओं ने शत्रु के हवाई अड्डों एवं सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, तब पाकिस्तान भारतीय मिसाइलों को रोकने में प्रभावी रूप से असफल रहा। उनके अनुसार, इस अभियान में पाकिस्तान के 19 विमान, 11 एयरबेस, 4 राडार तथा 2 एयर डिफेंस सिस्टम नष्ट किए गए।

प्रो. उपाध्याय ने इस विषय पर अपनी पुस्तक ‘ऑपरेशन सिंदूर : अनजाने संदर्भ’ के माध्यम से भी महत्वपूर्ण विमर्श प्रस्तुत किया है, जो देश में विशेष चर्चा का केंद्र बनी हुई है। यह व्याख्यान 15 नवंबर को साहित्य संस्कृति संस्थान, अयोध्या एवं अखिल भारतीय साहित्य परिषद, अयोध्या के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में प्रो. उपाध्याय मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सुप्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. सुशील कुमार पाण्डेय ‘साहित्येन्दु’ ने अपने वक्तव्य में कहा कि प्रो. उपाध्याय की पुस्तक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारतीय सैन्य रणनीतिक क्षमता का राष्ट्रीय धरोहर स्वरूप दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि प्रो. उपाध्याय जिस मेधा एवं प्रतिभा के साथ साहित्यिक विषयों का प्रामाणिक विवेचन करते हैं, उसी कुशलता के साथ रक्षा एवं सैन्य विज्ञान का भी मौलिक विश्लेषण प्रस्तुत करते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के भौतिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. लक्ष्मीकान्त सिंह ने कहा कि माताओं एवं बहनों के सिंदूर की पावन अस्मिता और सम्मान की रक्षा के लिए भारतीय सेना के तीनों अंगों ने आधुनिकतम रक्षा प्रणालियों एवं अदम्य शौर्य के साथ पाकिस्तान के 11 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर देश का गौरव बढ़ाया। प्रो. करुणाशंकर उपाध्याय ने अपने वक्तव्य में इस पूरे अभियान का जिस जीवंतता और प्रभावशाली शैली में चित्रण किया, वह अद्भुत है। इसके लिए प्रो. उपाध्याय सदैव स्मरणीय रहेंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन तथा कवयित्री कात्यायनी उपाध्याय द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। अतिथियों का परिचय एवं स्वागत भाषण संस्थान के सचिव प्रो. सत्यप्रकाश त्रिपाठी ने दिया। धन्यवाद ज्ञापन अखिल भारतीय साहित्य परिषद की अध्यक्ष प्रो. मंजूषा मिश्रा ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन डॉ. असीम त्रिपाठी ने किया।

इस अवसर पर अवध अर्चना के संपादक विजय रंजन, कवि मथुरा प्रसाद सिंह ‘जटायु’, प्रताप नारायण शुक्ल, प्रो. मीनू दुबे, प्रो. पवन कुमार सिंह, अभिषेक सिंह, रामप्रकाश दुबे, वीरेन्द्र कुमार दुबे, कामेश्वर मणि पाठक, अवध कमेंट वीक के संपादक शिवकुमार मिश्र, डॉ. भावेश त्रिपाठी, दीप्ति मिश्रा सहित अनेक विद्वान, साहित्यकार, शिक्षाविद एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

यह आयोजन साहित्य, संस्कृति, राष्ट्रीय चेतना और सामरिक विमर्श के संगम का महत्वपूर्ण अवसर बना।

इस पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दें