कानपुर- जनपद के महाराजपुर विधानसभा में स्थित वार्ड 87 में सीवर जाम की समस्या कई सालों से चली आ रही थी। इस समस्या को लेकर जनता ने कई बार जलकल विभाग के सम्बन्धित अधिकारियों को कराया लेकिन अधिकारियों के कानों में जूं तक नही रेंग रही है। लेकिन इस समस्या को लेकर जब स्थानीय भाजपा पार्षद समस्या को जानने पहुँची तो आक्रोशित जनता ने पार्षद को बंधक बना लिया।

क्या है पूरा मामला
जनपद के महराजपुर विधानसभा के वार्ड 87 अंतर्गत सागरपुरी चौराहे के निकट केडीए कॉलोनी में कई वर्षों से सीवर जाम की समस्या बनी हुई थी। लेकिन धीरे धीरे सीवर जाम की समस्या इतनी बड़ी हो गई कि समस्या के चलते क्षेत्रीय जनता ने उग्र प्रदर्शन कर दिया। सागरपुरी में समस्या की जानकारी लेने जब क्षेत्रीय भाजपा पार्षद मेनका सिंह सेंगर पहुँची तो उग्र जनता ने पार्षद को बंधक बना लिया और पार्षद तथा अधिकारियों के लिए मुर्दाबाद के नारे लगाने लगी। क्षेत्रीय जनता में उपस्थित नीलम, मंजुलता, राजकुमारी, शिमला, सीमा तिवारी सहित दर्जनों महिलाओं ने बताया कि विगत कई महीनों से सीवर जाम की समस्या बहुत बड़ी हो गई है, घरों में सीवर का गंदा पानी भरा पड़ा है और गन्दगी के चलते बच्चे और बुजुर्ग दुर्गंध के कारण खाना तक नहीं खा पा रहे हैं। घटनास्थल में मौजूद दर्जनों महिलाओ ने कहा कि जब तक सीवर जाम की समस्या से हम लोगों केो निजात नहीं मिल जाता है, तब तक पार्षद को बंधक बनाये रखेंगे। उसी दौरान पार्षद ने बताया कि जनता की इस समस्या को लेकर सैकड़ों बार जलकल विभाग के जेई राकेश और एक्सईएन अरविंद को शिकायती पत्र दे चुके है, लेकिन अधिकारी जनता की कोई भी समस्या को सुनने को तैयार नहीं है। वहीं उन्होंने कहा कि अब जनता बंधक बनाए या कुछ भी करे हम जनता की सेवा हमेशा लगे रहते है लेकिन इन अधिकारी के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है।




































